उन्नाव में जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित पन्नालाल सभागार में स्वयं सहायता समूह और मछली पालक समुदाय के लिए फिश फूड कार्ट के शुभारंभ के साथ आइस बॉक्स एवं फिश स्केल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद के मत्स्य पालकों को मछलियों को अधिक समय तक ताजा रखने हेतु आइस बॉक्स और फिश स्केल वितरित किए तथा उनके व्यवसाय की उन्नति के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित फूड कार्ट स्टॉल का फीता काटकर उद्घाटन किया।

यह फूड कार्ट गांधी चौराहा पर प्रतिदिन लगाया जाएगा, जहां समूह की महिलाएं मछली से बने स्वादिष्ट व्यंजन नागरिकों को उपलब्ध कराएंगी। जिलाधिकारी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे महिलाओं को रोजगार मिलेगा और मत्स्य पालन को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि जनपद उन्नाव में तालाबों और छोटी नदियों की पर्याप्त संख्या होने के बावजूद संगठित प्रयासों के अभाव में मत्स्य व्यवसाय अपेक्षित स्तर तक नहीं बढ़ पाया है। अब जिला प्रशासन द्वारा मत्स्य पालकों को संगठित कर उनकी आय बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि पहले खाली पड़े पट्टों का सही उपयोग नहीं हो पा रहा था, लेकिन अब पात्र और सामुदायिक लोगों को ही पट्टे दिए जा रहे हैं। साथ ही जल्द ही जनपद की बड़ी झीलों को भी मत्स्य पालकों को आवंटित किया जाएगा।

उन्होंने किसानों से अपील की कि खेती में कम आय होने के कारण वे मत्स्य पालन जैसे वैकल्पिक व्यवसाय अपनाएं और सरकारी योजनाओं से जुड़कर अपनी आय बढ़ाएं।

कार्यक्रम में सहायक कलेक्टर श्री शौर्य अरोड़ा (IAS) ने मत्स्य विक्रेताओं को मछली मंडियों में स्वच्छता बनाए रखने, फिश कटिंग के दौरान निकलने वाले अपशिष्ट (स्केल) से अतिरिक्त आय प्राप्त करने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक निजी कंपनी द्वारा स्केल की खरीद की व्यवस्था भी की जा रही है, जिससे मछुआरा समुदाय को अतिरिक्त लाभ मिल सकेगा।

इस अवसर पर डीसी मनरेगा श्री मुनीश चंद, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य विभाग सहित बड़ी संख्या में मत्स्य पालक और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *