उन्नाव में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के अंतर्गत निर्वाचक नामावलियों के अंतिम प्रकाशन को लेकर जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी की अध्यक्षता में निर्वाचन कार्यालय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में जनपद के कुल 20,33,438 मतदाता शामिल किए गए हैं। इनमें 11,12,655 पुरुष, 9,20,750 महिला और 33 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। उन्होंने जानकारी दी कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान 1,28,684 नए मतदाताओं को जोड़ा गया, जबकि 13,128 ऐसे मतदाताओं के नाम हटाए गए जो डुप्लीकेट, शिफ्टेड, मृत या अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा 4 नवंबर 2025 से 26 दिसंबर 2025 तक घर-घर संपर्क कर मतदाता गणना प्रपत्रों का वितरण और डिजिटाइजेशन का कार्य किया गया। इसके बाद 6 जनवरी 2026 को ड्राफ्ट निर्वाचक नामावली प्रकाशित की गई और 27 मार्च 2026 तक प्राप्त दावों व आपत्तियों का निस्तारण किया गया। इस दौरान तहसील स्तर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ 33 बैठकें आयोजित की गईं, जबकि जिला स्तर पर 11 बैठकें संपन्न हुईं। राजनीतिक दलों द्वारा कुल 8,491 बूथ लेवल एजेंट नियुक्त किए गए। जिलाधिकारी ने बताया कि एब्सेंट, शिफ्टेड, डुप्लीकेट और मृत मतदाताओं की सूची डीईओ पोर्टल पर आम नागरिकों के अवलोकन हेतु उपलब्ध कराई गई है। साथ ही, जिला कंट्रोल रूम में प्राप्त 789 कॉल और एनजीएसपी पोर्टल के माध्यम से प्राप्त 1,085 शिकायतों/सुझावों का समयबद्ध निस्तारण किया गया। उन्होंने बताया कि 10 अप्रैल 2026 को अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची डीईओ पोर्टल पर उपलब्ध करा दी गई है। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची के बंडल भी वितरित किए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री सुशील कुमार गोंड़, भारतीय जनता पार्टी से श्री दिनेश गुप्ता, समाजवादी पार्टी से श्री छोटेलाल भारती, अपना दल से श्री सुरेंद्र वर्मा, कांग्रेस से श्री सुरेंद्र कुशवाहा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। Post navigation उन्नाव: डीएम गौरांग राठी ने फिश फूड कार्ट का किया शुभारंभ, मत्स्य पालकों को वितरित किए आइस बॉक्स व फिश स्केल उन्नाव: शिक्षकों की 10 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा गया ज्ञापन, जल्द समाधान का आश्वासन