यातायात व्यवस्था संभाल रहे 88 पीआरडी और होमगार्ड जवानों को मिली राहत सामग्री

एसएसपी बोले- जवानों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोपरि

उन्नाव में भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच ड्यूटी कर रहे यातायात कर्मियों की सुविधा के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने सराहनीय पहल की।

दिनांक 29 मई 2026 को पुलिस कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने यातायात व्यवस्था में तैनात 88 पीआरडी एवं होमगार्ड जवानों को गर्मी और लू से बचाव हेतु पानी की बोतलें एवं छाते वितरित किए।

इस अवसर पर एसएसपी ने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान और तेज धूप के बीच यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य है। ऐसे में ड्यूटी पर तैनात जवानों का स्वस्थ एवं सुरक्षित रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जवानों को उपलब्ध कराई गई सामग्री से वे ड्यूटी के दौरान स्वयं को गर्मी से सुरक्षित रखते हुए अपने दायित्वों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर सकेंगे।

एसएसपी ने सभी जवानों को नियमित रूप से पानी पीने, धूप में छाते का प्रयोग करने तथा गर्मी से बचाव संबंधी सावधानियां अपनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण और सराहनीय है।

कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र लाल, सहायक पुलिस अधीक्षक संचित शर्मा, क्षेत्राधिकारी लाइन विनी सिंह, पुलिस उपाधीक्षक प्रदीप मौर्य, प्रतिसार निरीक्षक सचिन राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *