चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों ने किया थाना सोहरामऊ जनपद उन्नाव का भ्रमण, पुलिस कार्यप्रणाली एवं कानून संबंधी व्यवस्थाओं की प्राप्त की जानकारी उन्नाव। आज दिनांक 22.10.2026 को चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से आए लगभग 40 विद्यार्थियों ने थाना सोहरामऊ, जनपद उन्नाव का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस अवसर पर थाना प्रभारी श्री अरविंद पांडेय के नेतृत्व में विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली, अपराधों के पंजीकरण, विवेचना, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा विभिन्न मामलों में की जाने वाली वैधानिक कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि विभिन्न प्रकार की शिकायतें प्राप्त होने पर पुलिस किस प्रकार उनकी सुनवाई करती है तथा अपराध की प्रकृति के अनुसार निष्पक्ष जांच, आवश्यक विधिक कार्रवाई एवं पीड़ितों को सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसके साथ ही महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन तथा नागरिकों के अधिकार एवं कर्तव्यों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में उपयोगी हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जागरूक किया गया। उन्हें 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1090 (महिला पावर लाइन), 1930 (साइबर वित्तीय धोखाधड़ी हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) तथा 181 (महिला हेल्पलाइन) के महत्व एवं इनके प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस व्यवस्था, कानून के प्रति जागरूकता तथा समाज में पुलिस की भूमिका से परिचित कराना था। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली को निकट से समझा तथा विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्न पूछकर जानकारी प्राप्त की। थाना सोहरामऊ पुलिस द्वारा समय-समय पर ऐसे जागरूकता एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि पुलिस एवं नागरिकों के बीच विश्वास और संवाद को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके तथा युवाओं में कानून के प्रति जागरूकता विकसित हो। Post navigation उन्नाव: शिव पुराण महाकथा की तैयारियों का डीएम और एसएसपी ने लिया जायजा उन्नाव: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर बच्ची गंभीर रूप से घायल