जनपद की सदर तहसील के राजस्व ग्राम ख्वाजापुर में आज जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी की उपस्थिति में रबी वर्ष 2025-26 के अंतर्गत गेहूं की फसल की क्रॉप कटिंग कराई गई। यह कार्य कृषक श्री विजय शंकर पुत्र श्री बाबूराम के खेत में संपन्न हुआ।

इस दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं क्रॉप कटिंग की प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने फीते से खेत के निर्धारित क्षेत्रफल को मापकर मजदूरों की उपस्थिति में फसल की कटाई कराई। कटाई के बाद प्राप्त अनाज का वजन किया गया, जिसके आधार पर औसत उपज का आकलन किया गया।

गाटा संख्या 2643, रकबा 194 में कुल 14 किलो 500 ग्राम गेहूं प्राप्त हुआ, जिससे 33.75 कुंतल प्रति हेक्टेयर उपज का औसत निकाला गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि इसी प्रकार उपजिलाधिकारी स्तर पर भी क्रॉप कटिंग कराई जाती है और पूरे जिले की औसत उपज का आकलन कर शासन को भेजा जाता है। उन्होंने कहा कि क्रॉप कटिंग कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, फसल बीमा दावों के निस्तारण, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से जुड़े निर्णयों तथा कृषि नीति निर्धारण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है।

उन्होंने यह भी बताया कि क्रॉप कटिंग के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में फसल उत्पादन का सटीक और शुद्ध आकलन किया जाता है।

इस अवसर पर उपनिदेशक कृषि श्री रवि चंद्र प्रकाश, उपजिलाधिकारी सदर श्री क्षितिज द्विवेदी, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, संबंधित लेखपाल तथा ग्राम प्रधान सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *