कलेक्ट्रेट के पन्नालाल सभागार में जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी की अध्यक्षता में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती भव्यता के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी द्वारा बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री सुशील कुमार गोंड, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री अमिताभ यादव, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) श्री विधेश, सिटी मजिस्ट्रेट श्री राजीव राज सहित अन्य अधिकारियों ने भी बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के आदर्शों और मूल्यों को आत्मसात कर उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब सामाजिक समानता और सामाजिक न्याय के प्रबल समर्थक थे तथा उन्होंने भारत को विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान प्रदान किया। आज पूरा देश उनके जन्मदिवस को गरिमापूर्ण ढंग से मना रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि संविधान में मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों, सामाजिक समानता और सामाजिक न्याय की भावना निहित है, और हम सभी को इन मूल्यों को अपनाते हुए देश के विकास में योगदान देना चाहिए। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री सुशील कुमार गोंड ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब अपने समय के अत्यंत शिक्षित विधि विशेषज्ञ और कुशल राजनेता थे। उन्होंने शोषित और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई और “शिक्षित बनो, संगठित रहो” का संदेश दिया। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री अमिताभ यादव ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने कठिन परिस्थितियों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज के कमजोर वर्गों को मुख्यधारा में लाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि आज देश का शासन बाबा साहब द्वारा निर्मित संविधान के आधार पर संचालित हो रहा है। इस अवसर पर अन्य अधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी श्री आनंद नायक सहित कलेक्ट्रेट के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। Post navigation ख्वाजापुर में जिलाधिकारी ने कराई क्रॉप कटिंग, गेहूं उत्पादन का लिया जायजा गांधी तिराहे का बदला रूप, जिलाधिकारी ने विकास कार्यों का लिया जायजा