जनपद उन्नाव में गांधी तिराहे के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का आज जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चौराहे पर किए गए विभिन्न कार्यों का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गांधी चौराहे के सौंदर्यीकरण, “कलम और तलवार” की पहचान को दर्शाती कलाकृति, आसपास की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के कार्य, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य विकास कार्यों का अवलोकन किया। साथ ही जनपद की महान विभूतियों की जीवनी को दर्शाने वाली “गौरव शिला” का भी निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि उन्नाव जनपद का इतिहास गौरवशाली रहा है और यहां कई महान विभूतियों ने जन्म लिया है। देश की आजादी और विकास में उनके योगदान को सहेजने के उद्देश्य से गौरव शिला पर उनकी जीवनी अंकित की गई है, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनसे प्रेरणा ले सकें।

उन्होंने बताया कि उन्नाव का साहित्यिक क्षेत्र में भी विशेष स्थान रहा है और इसे “कलम और तलवार की धरती” के रूप में जाना जाता है। गांधी नगर तिराहे पर स्थापित कलाकृति जनपद के इतिहास और पहचान को प्रदर्शित करेगी, जिससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ बाहर से आने वाले लोगों को भी इसकी जानकारी मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *