उन्नाव- जनपद में मातृ एवं नवजात स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए 17 मदर एवं न्यू बॉर्न केयर यूनिट (एमएनसीयू) का लोकार्पण किया गया। यह कार्यक्रम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अचलगंज सहित जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित हुआ।

अचलगंज में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सच्चिदानन्द हरि साक्षी महाराज (सांसद उन्नाव) उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में आशुतोष शुक्ल (विधायक भगवंतनगर) शामिल हुए। कार्यक्रम में गौरांग राठी (जिलाधिकारी) और कृतिराज (मुख्य विकास अधिकारी) सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

यह पहल “जीरो सेपरेशन केयर” सिद्धांत पर आधारित है, जिसके तहत प्रसव के बाद मां और नवजात शिशु को एक साथ रखकर बेहतर और सम्मानजनक देखभाल सुनिश्चित की जाएगी। इन इकाइयों के माध्यम से कंगारू मदर केयर को बढ़ावा मिलेगा, स्तनपान दर में वृद्धि होगी और कम वजन तथा समय से पूर्व जन्मे शिशुओं को बेहतर उपचार मिल सकेगा।

जनपद के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों—गंगाघाट, औरास, मियागंज, पाटन, बांगरमऊ और पुरवा—में भी जनप्रतिनिधियों द्वारा एमएनसीयू इकाइयों का उद्घाटन किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि यह पहल जिले में मातृ एवं नवजात स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, प्रभावी और मानवीय बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। इससे नवजात शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में भी महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *