उन्नाव। भारत रत्न भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर जनपद उन्नाव में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सोहरामऊ स्थित आई0पी0एस0आर0 इंस्टीट्यूशन परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें बाबा साहेब के बहुआयामी व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय संविधान के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका, महिलाओं, श्रमिकों एवं वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए उनके संघर्ष, उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता और आर्थिक विचारों पर चर्चा की गई। इसी क्रम में निबंध लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में पंचशील इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कक्षा 9 की छात्रा जयती द्विवेदी, कक्षा 10 के छात्र कृष्णा पटेल, कक्षा 11 की छात्रा सृष्टि सिंह एवं कक्षा 12 के छात्र शंशाक रावत को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर बृजेश रावत (विधायक मोहान) द्वारा विजेता छात्रों को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख नवाबगंज प्रतिनिधि रवि प्रताप सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीप्रकाश पांडेय, बद्री विशाल तिवारी सहित संस्थान के प्रबंधन एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य बाबा साहेब के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और उनके आदर्शों से प्रेरित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *