उन्नाव- जनपद में विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तहत गांधी तिराहे के सौंदर्यीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं चौड़ीकरण के प्रथम चरण का भव्य लोकार्पण किया गया। यह परियोजना जिलाधिकारी गौरांग राठी का ड्रीम प्रोजेक्ट मानी जा रही है, जिसे “उन्नाव विकास दिवस” के रूप में विशेष रूप से मनाया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सच्चिदानन्द हरि साक्षी महाराज (सांसद उन्नाव) एवं विशिष्ट अतिथि पंकज गुप्ता (सदर विधायक) उपस्थित रहे।

लोकार्पण के दौरान गांधी तिराहे पर जनपद की पहचान “कलम और तलवार की धरती” को दर्शाती भव्य कलाकृति तथा 101 फीट ऊंचे तिरंगे राष्ट्रीय ध्वज का अनावरण किया गया। इस कलाकृति में पुस्तक, कलम और तलवार को एक साथ दर्शाकर उन्नाव के साहित्य और शौर्य को प्रतीकात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया है।

इसके साथ ही “उन्नाव गौरवशिला” पट्ट का भी अनावरण किया गया, जिसमें जनपद की महान विभूतियों—चंद्रशेखर आजाद, सूर्यकांत त्रिपाठी निराला, गुलाब सिंह लोधी, हसरत मोहानी तथा राजा राव बख्श सिंह—की जीवनियां प्रदर्शित की गई हैं, जिससे नागरिकों को जिले के गौरवशाली इतिहास की जानकारी मिल सकेगी।

सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए गांधी चौराहे पर पुलिस सहायता हेतु पिंक बूथ की स्थापना भी की गई है, जिससे ट्रैफिक प्रबंधन और सुगम होगा।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वतंत्रता सेनानी विशंभर दयाल त्रिपाठी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद राष्ट्रगान और “वंदे मातरम” के साथ देशभक्ति का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर सांसद ने कहा कि उन्नाव “कलम और तलवार की धरती” के रूप में जाना जाता है और यहां के महान व्यक्तित्वों का योगदान संविधान निर्माण तक में रहा है। वहीं जिलाधिकारी ने बताया कि इस परियोजना से ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी, वेंडर्स को व्यवस्थित स्थान मिलेगा और यात्रियों को भी सुविधा होगी।

विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि यह परियोजना उन्नाव के विकास को नई गति देगी और आने वाली पीढ़ियों को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का कार्य करेगी।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश, अपर जिलाधिकारी सुशील कुमार गोंड़, अमिताभ यादव, सिटी मजिस्ट्रेट राजीव राज, नगर पालिका अध्यक्ष श्वेताभानु मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *