उन्नाव में अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर 01 मई 2026 को आईआईए सभागार में श्रमिक सम्मान, हितलाभ वितरण एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक पंकज गुप्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने भवन निर्माण श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ वितरित किए और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा श्रमिकों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जनसहभागिता बेहद जरूरी है।

उन्होंने विशेष रूप से महिला श्रमिकों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर जोर देते हुए कार्यस्थलों पर बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई। साथ ही समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े श्रमिकों को समान अवसर प्रदान करने और उनके अधिकारों के संरक्षण की बात कही।

इस अवसर पर आईआईए के पूर्व अध्यक्ष जी.एन. मिश्रा ने जनपद में ईएसआई के तहत अस्पताल निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम का संचालन श्रम प्रवर्तन अधिकारी राधे श्याम सिंह ने किया, जिन्होंने नई श्रम संहिताओं और वेतन वृद्धि से संबंधित जानकारी साझा की।

कार्यक्रम में निर्माण एवं औद्योगिक श्रमिकों के साथ-साथ विभिन्न प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे। अंत में श्रम प्रवर्तन अधिकारी निलेश कुमार दीक्षित ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *