उन्नाव- विकास भवन सभागार में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में जनपद स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी घनश्याम मीणा एवं जनप्रतिनिधियों ने मेधावियों को प्रशस्ति पत्र, मेडल और 21 हजार रुपये के चेक प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर बांगरमऊ विधायक पंकज गुप्ता, विधान परिषद सदस्य राजबहादुर सिंह चंदेल तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

समारोह में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की जनपद स्तरीय टॉप-10 सूची में स्थान प्राप्त करने वाले 30 मेधावी छात्र-छात्राओं (हाईस्कूल के 15 एवं इंटरमीडिएट के 15 विद्यार्थियों) को सम्मानित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं के चेहरे सम्मान पाकर खुशी से खिल उठे।

विशेष उपलब्धि हासिल करने वाली छात्रा राखी रावत, जो श्री चंद्रिका देवी इंटर कॉलेज की छात्रा हैं, ने प्रदेश स्तरीय टॉप-10 सूची में स्थान बनाया। उन्हें लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने कहा कि ईमानदारी, कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर पूरी निष्ठा के साथ मेहनत करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इसी लगन और समर्पण से वे प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं तथा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह का लाइव प्रसारण भी देखा गया, जिसमें मुख्यमंत्री के संबोधन को अधिकारियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने सुना।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुश्री कृतिराज, जिला विकास अधिकारी देव चतुर्वेदी, जिला विद्यालय निरीक्षक सुनील दत्त, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *