उन्नाव- जल जीवन मिशन के तहत मियांगंज विकास खंड सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों को जल जांच किट वितरित की गई। कार्यक्रम का आयोजन जल निगम (ग्रामीण) के तत्वावधान में किया गया, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करना है।

अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) विदेश ने बताया कि इस पहल के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां गांव-गांव और घर-घर जाकर पेयजल की गुणवत्ता की जांच करेंगी तथा लोगों को सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूक बनाएंगी।

कार्यक्रम में एडीओ पंचायत प्रवीर दुबे एवं जिला परियोजना प्रबंधन इकाई के आईएसए कोऑर्डिनेटर ताहिर मलिक ने आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों को जल जांच किट प्रदान की। वहीं, वाटर एड संस्था की जानवी शुक्ला एवं निर्मल कुमार ने किट के उपयोग तथा पानी की गुणवत्ता जांचने की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी दी।

एडीओ पंचायत प्रवीर दुबे ने कहा कि जल जीवन मिशन केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक घर तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्तियों से अपील की कि वे जल गुणवत्ता परीक्षण के साथ-साथ ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल और जल संरक्षण के प्रति भी जागरूक करें।

कार्यक्रम में आईएसए कोऑर्डिनेटर ताहिर मलिक ने जल संरक्षण एवं स्वच्छ पेयजल के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर प्रोजेक्ट मैनेजर (फाइनेंस) नितिन श्रीवास्तव, अरविंद कुमार, ब्लॉक स्तरीय कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *