उन्नाव- शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी)-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के साथ परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 2 जुलाई से शुरू होकर 3 और 4 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाली टीईटी-2026 के तहत प्रथम पाली में डीएसएन इंटर कॉलेज तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, मोतीनगर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी कैमरों, स्कैनिंग व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा एवं परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराई जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से संचालित रहें तथा कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली पर लगातार निगरानी रखी जाए।

निरीक्षण के दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं अतिरिक्त उपजिलाधिकारी आनंद नायक, केंद्र व्यवस्थापक तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *