उन्नाव- आगामी जगन्नाथ रथ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को कोतवाली सदर परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी नगर श्रीमती विनी सिंह ने की। इस दौरान थाना क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, गणमान्य व्यक्तियों एवं विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ आगामी रथ यात्रा की व्यवस्थाओं और सुरक्षा संबंधी विषयों पर चर्चा की गई।

क्षेत्राधिकारी नगर ने उपस्थित लोगों से पर्व को आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांति के वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या सूचना होने पर तत्काल पुलिस प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

बैठक में रथ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए त्योहार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *