शुक्लागंज (उन्नाव)- शुक्लागंज के नेहरू नगर निवासी 18 वर्षीय अभिनव बाजपेई की महाराष्ट्र के पुणे स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में प्रशिक्षण के दौरान मृत्यु हो जाने से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, अभिनव बाजपेई का हाल ही में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में चयन हुआ था। वह 22 जून को अपने घर से पुणे के खड़कवासला स्थित एनडीए प्रशिक्षण केंद्र के लिए रवाना हुआ था और 24 जून को उसने प्रशिक्षण ज्वाइन किया था।

परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह शारीरिक प्रशिक्षण (पीटी) के दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना मिलने पर माता-पिता सहित अन्य परिजन पुणे के लिए रवाना हो गए।

अभिनव परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी बड़ी बहन अंशिका चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। परिजनों ने बताया कि अभिनव शुरू से ही मेधावी छात्र था और उसने पहले ही प्रयास में एनडीए की परीक्षा उत्तीर्ण कर चयन प्राप्त किया था। उसकी प्रारंभिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय कैंट में हुई थी।

परिवार के लोगों के अनुसार, अभिनव के पिता प्रदीप बाजपेई कानपुर स्थित केपीएम अस्पताल में कार्यरत हैं, जबकि माता सीमा बाजपेई गृहिणी हैं। रिश्तेदारों ने बताया कि अभिनव अपने परिवार का इकलौता पुत्र होने के कारण सभी का बेहद प्रिय था और उसके चयन से पूरे परिवार में खुशी का माहौल था।

घटना के बाद नेहरू नगर स्थित उसके आवास पर रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और क्षेत्रीय लोगों का तांता लगा रहा। सभी शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते रहे। अभिनव की दादी शशिप्रभा का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार के सदस्यों के अनुसार, उसका पार्थिव शरीर 12 जुलाई को घर पहुंचने की संभावना है।

अभिनव की असामयिक मृत्यु से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने इसे परिवार और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *