कानपुर/उन्नाव- कानपुर नगर के कलक्टरगंज थाना क्षेत्र स्थित सूर्या होटल में शनिवार को एक महिला अधिवक्ता और उसके प्रेमी द्वारा कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसीपी कलक्टरगंज आनंद ओझा ने बताया कि शनिवार शाम करीब 4:30 बजे होटल सूर्या में एक युवक और युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों शनिवार दोपहर करीब 12 बजे होटल में पहुंचे थे और प्रथम तल स्थित कमरा नंबर 106 में रुके थे। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर होटल कर्मचारियों को संदेह हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। होटल के अभिलेखों के आधार पर मृतकों की पहचान फतेहपुर जनपद के राधानगर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम रमवां पंथुवा निवासी दिग्विजय सिंह (33) तथा उन्नाव जनपद के मगरवारा क्षेत्र निवासी शिवांगी तिवारी (33) के रूप में हुई। दिग्विजय सिंह रेलवे में कोच अटेंडेंट के पद पर कार्यरत था, जबकि शिवांगी तिवारी वकालत की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्नाव में अधिवक्ता के रूप में प्रैक्टिस कर रही थीं। पुलिस के अनुसार दोनों पहले से विवाहित थे। दिग्विजय का एक बच्चा है, जबकि शिवांगी के दो बच्चे बताए गए हैं। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कमरे से सल्फास की खाली पुड़िया बरामद की है। पुलिस ने साक्ष्य संकलित कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के पति धीरू ने बताया कि वह गुजरात में नौकरी करते हैं। उनके एक पुत्र और एक पुत्री हैं। करीब एक वर्ष पहले शिवांगी की फेसबुक के माध्यम से दिग्विजय से पहचान हुई थी, जो बाद में नजदीकियों में बदल गई। उन्होंने बताया कि इस संबंध को लेकर परिवार द्वारा कई बार समझाने का प्रयास किया गया था। परिजनों के अनुसार 9 जून को दोनों घर से चले गए थे, जिसके बाद पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। बाद में पुलिस ने दोनों को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया था। कुछ समय तक स्थिति सामान्य रही, लेकिन बाद में दोनों फिर संपर्क में आ गए। बताया जा रहा है कि शनिवार को जहरीला पदार्थ खाने से पहले शिवांगी ने अपने पति को फोन कर आत्महत्या करने की जानकारी दी थी। वहीं, पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि दिग्विजय ने घटना से कुछ घंटे पहले अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक भावनात्मक पोस्ट साझा की थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। Post navigation कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे उद्घाटन की तैयारियों का अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण एनडीए कैडेट अभिनव बाजपेई की ट्रेनिंग के दौरान मौत, शुक्लागंज में शोक की लहर