उन्नाव- थाना बिहार क्षेत्र में अज्ञात महिला का शव मिलने के मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए हत्या में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है। मामले के खुलासे में थाना बिहार पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई अहम रही।

पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को बिहार-मौरावां मार्ग स्थित केदारखेड़ा नहर पुलिया के पास एक महिला का शव मिलने की सूचना डायल-112 के माध्यम से प्राप्त हुई थी। प्रारंभिक स्तर पर शव की पहचान नहीं हो सकी। नियमानुसार पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट के कारण मृत्यु होने की पुष्टि होने पर थाना बिहार में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना के खुलासे के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान मृतका की पहचान की गई तथा पता चला कि उसके लापता होने के संबंध में 7 जुलाई को थाना कृष्णानगर, लखनऊ में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।

पुलिस ने मामले में राधाकांत दुबे उर्फ कक्कू (अयोध्या), उमेश चंद्र यादव (लखनऊ) और सुमन वर्मा (लखनऊ) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मुख्य आरोपी ने महिला की हत्या करने और शव को ठिकाने लगाने की साजिश में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद शव को कार से ले जाकर बिहार थाना क्षेत्र में फेंका गया था।

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सेलेरियो कार (UP32HD6636) बरामद कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दो आरोपी पूर्व में भी गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपित रह चुके हैं और हत्या के मामलों में सजा प्राप्त कर जमानत पर बाहर आए थे।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। मामले की विवेचना और अन्य कानूनी कार्रवाई जारी है।

इस जघन्य हत्याकांड के सफल अनावरण पर पुलिस महानिरीक्षक, लखनऊ परिक्षेत्र ने खुलासा करने वाली टीम को 50 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *