उन्नाव- जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गंगाघाट पुलिस ने चोरी की दो मोटरसाइकिलों के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस के अनुसार, नेहरू नगर निवासी अंकिता कुमार यादव ने थाना गंगाघाट में तहरीर देकर बताया था कि 9 जुलाई 2026 को उनके घर के बाहर खड़ी हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल (UP-35-AK-3980) अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई थी। शिकायत के आधार पर थाना गंगाघाट में मुकदमा संख्या 387/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 17 जुलाई 2026 को गौशाला के सामने स्थित कूड़ेदान के पास से अभियुक्त पूरन पुत्र पीताम्बर, निवासी सलारी खेड़ा, थाना बारासगवर, जनपद उन्नाव को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। बरामद वाहनों में चोरी हुई हीरो पैशन प्रो (UP-35-AK-3980) तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP-35-BJ-2378) शामिल है। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) एवं 317(4) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध चोरी, चोरी के माल की खरीद-फरोख्त, आर्म्स एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया है। अधिकारियों ने बताया कि जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। Post navigation उन्नाव महिला हत्याकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार हत्या के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त ईंट बरामद