उन्नाव- जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली सदर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ईंट भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को आवास विकास कॉलोनी बी ब्लॉक निवासी निशा पत्नी नीरज कुमार गौतम ने कोतवाली सदर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने उनके पति नीरज गौतम के साथ मारपीट की, उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए धमकियां दीं।

तहरीर के आधार पर कोतवाली सदर में मुकदमा संख्या 432/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(5) के तहत भी अभियोग पंजीकृत किया गया।

विवेचना के दौरान प्रकाश में आए अभियुक्त राजेंद्र पाल पुत्र स्वर्गीय मनीराम, निवासी ग्राम खरगौरा, थाना आसीवन, जनपद उन्नाव को पुलिस ने 17 जुलाई 2026 को हुसैन नगर चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सीमेंटेड ईंट भी बरामद की गई।

गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत मिश्र, उपनिरीक्षक उग्रसेन सिंह, उपनिरीक्षक अंजनी सिंह, मुख्य आरक्षी रामदेव प्रजापति, आरक्षी अमित कुमार एवं आरक्षी रजत शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *