उन्नाव- तहसील हसनगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह, विधायक मोहन बृजेश रावत एवं विधायक सफीपुर बंबालाल दिवाकर की उपस्थिति में फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विद्युत, विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने भूमि विवाद, पैमाइश एवं अवैध कब्जे से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिए कि ऐसे प्रकरणों में उपजिलाधिकारी, पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जांच की जाए तथा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण उसी श्रेणी में किया जाए, जिस श्रेणी में वे दर्ज की गई हैं तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेने के भी निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस में कुल 325 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 140, पुलिस की 55, विकास विभाग की 49, विद्युत विभाग की 21 तथा अन्य विभागों की 60 शिकायतें शामिल रहीं। इनमें से 21 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए सरकारी योजनाओं एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों के स्टॉलों का अवलोकन कर जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कृषक दुर्घटना बीमा योजना के पांच लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से प्राप्त पांच-पांच लाख रुपये की सहायता राशि के प्रमाण पत्र भी वितरित किए।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत तहसील परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी हसनगंज शालिनी तोमर, क्षेत्राधिकारी हसनगंज, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह, तहसीलदार हसनगंज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *