उन्नाव- औरास थाना क्षेत्र के अंतर्गत शारदा नहर खंड में रविवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, शारदा नहर के किनारे से गुजर रहे ग्रामीणों ने पानी में एक महिला का शव बहता हुआ देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची औरास पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से शव को नहर से बाहर निकलवाया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया महिला विवाहित प्रतीत हो रही है, लेकिन उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पहचान होने तक शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखा जाएगा। महिला की शिनाख्त के लिए पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्रों में सूचना प्रसारित कर दी है तथा गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को महिला के संबंध में कोई जानकारी हो तो वह औरास थाना पुलिस से संपर्क कर सकता है, जिससे शव की पहचान कराने में सहायता मिल सके। Post navigation गांधी नगर चौराहे पर चला सघन चेकिंग अभियान