लखनऊ। बारिश के बीच उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में अब तक स्वाइन फ्लू के 551 मरीज सामने आ चुके हैं। छह जिलों में मरीजों की संख्या दोहरे अंक में पहुंच गई है, जबकि एनसीआर क्षेत्र में स्वाइन फ्लू के सबसे अधिक मामले सामने आए हैं। राजधानी लखनऊ में स्वाइन फ्लू के तीन नए मरीज मिले हैं। इनमें दो मरीज बलरामपुर अस्पताल और एक मरीज लोहिया संस्थान में भर्ती है। तीनों मरीजों में हल्के लक्षण बताए गए हैं और अस्पतालों में उनका इलाज जारी है। वहीं, एसजीपीजीआई में पिछले 15 दिनों के दौरान स्वाइन फ्लू और कोरोना के 16 मरीज सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को सतर्क रहने और गंभीर मरीजों की समय से पहचान करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा सीतापुर में 563 समेत लखनऊ मंडल में कुल 1,084 मलेरिया मरीज सामने आए हैं। मंडल में डेंगू के भी 135 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें अकेले लखनऊ में 98 मरीज मिले हैं। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दवाओं, जांच सुविधाओं और अस्पतालों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गंभीर मरीजों की पहचान के साथ ऑक्सीजन और जरूरी दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है। नेपाल सीमा से सटे जिलों में विशेष निगरानी रखने और अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से मास्क पहनने, हाथों की स्वच्छता का ध्यान रखने और स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर जांच कराने की अपील की है। Post navigation उन्नाव: शिक्षा जगत में योगदान को याद कर पंडित त्रिपाठी को किया गया नमन