शुक्लागंज/गंगाघाट। थाना क्षेत्र के इखलाक नगर, कटरी पीपर खेड़ा निवासी हयात उल्लाह ने अपने पुत्र अबुल आला उर्फ अब्दुल की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए नामजद आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस को दिए गए प्रार्थना-पत्र में हयात उल्लाह ने आरोप लगाया कि उनके पुत्र अबुल आला उर्फ अब्दुल का मोहल्ले की एक युवती से प्रेम संबंध था। आरोप है कि बाद में युवती और उसके परिजनों ने उनके पुत्र के विरुद्ध षड्यंत्र रचा।

प्रार्थी के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को शाम करीब चार बजे अबुल आला उर्फ अब्दुल अचानक लापता हो गया। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि प्रेमिका, उसकी मां, पिता मशरूर, भाई कय्यूम व हारून तथा बहनों ने कथित रूप से अबुल को अपने घर में बंधक बनाकर रखा था।

हयात उल्लाह का आरोप है कि उक्त सभी लोगों ने आपस में मिलकर षड्यंत्रपूर्वक उनके पुत्र की हत्या कर दी। इसके बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को घर के पास स्थित निर्माणाधीन भवन में फांसी पर लटका दिया गया।

पीड़ित पिता ने पुलिस से नामजद आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, घटना की वास्तविकता सामने लाने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *