उन्नाव। श्रीमान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव के कुशल निर्देशन एवं शासन की मंशानुसार संचालित यातायात जागरूकता माह-नवम्बर 2026 के अंतर्गत क्षेत्राधिकारी यातायात श्री प्रदीप कुमार मौर्य के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक यातायात श्री सुनील कुमार सिंह द्वारा यातायात पुलिस टीम के साथ जनपद में व्यापक प्रवर्तन एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान आई.बी.पी. चौराहे से बड़ा चौराहा तक सड़क के दोनों ओर ठेले एवं दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाया गया, जिससे यातायात बाधारहित एवं सुचारु रूप से संचालित हो सके। साथ ही भैया दूज पर्व के दृष्टिगत शहर क्षेत्र के निर्धारित चौराहों एवं तिराहों पर चार पहिया वाहनों एवं ई-रिक्शों का आवश्यकतानुसार डायवर्जन कर यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखा गया। प्रभारी निरीक्षक यातायात एवं टीम द्वारा बड़ा चौराहा पर वाहन चालकों को रोककर यातायात नियमों से संबंधित पम्पलेट वितरित किए गए तथा हेलमेट, सीट बेल्ट एवं अन्य यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। इसके अतिरिक्त सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए दोपहिया वाहन पर तीन सवारी, बिना हेलमेट वाहन संचालन, चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट का प्रयोग न करने सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही की गई। अभियान के दौरान कुल 445 वाहनों के ई-चालान किए गए।

इस जनजागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान में डॉ. आशीष श्रीवास्तव(प्रभारी परिवार परामर्श समिति) का सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ। अभियान में उपनिरीक्षक तिलक सिंह, उपनिरीक्षक अनिल कुमार, मुख्य आरक्षी महेश प्रसाद पाण्डेय, आरक्षी मुकेश राजपूत तथा होमगार्ड सुजीत कुमार सहित यातायात पुलिस टीम उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *