उन्नाव- जनपद उन्नाव के थाना कोतवाली सदर पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित को बड़ी राहत दिलाई है। पुलिस की सक्रियता से आवेदक के खाते में 97,000 रुपये की ठगी गई धनराशि वापस कराई गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव के कुशल निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में साइबर अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना कोतवाली सदर की साइबर टीम ने मामले की जांच कर पीड़ित की रकम वापस कराने में सफलता हासिल की।

जानकारी के अनुसार, 18 जनवरी 2026 को एबी नगर निवासी प्रतीक सिंह ने ऑनलाइन साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि क्रेडिट कार्ड पर स्वास्थ्य बीमा दिलाने के नाम पर उनसे 97,000 रुपये की ठगी कर ली गई है।

शिकायत मिलने के बाद थाना कोतवाली सदर की साइबर टीम ने मामले की जांच शुरू की और संबंधित बैंक व माध्यमों से समन्वय स्थापित करते हुए कार्रवाई की।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद 10 मार्च 2026 को पीड़ित प्रतीक सिंह के खाते में 97,000 रुपये की पूरी धनराशि रिफंड करा दी गई।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या लिंक के माध्यम से बैंकिंग जानकारी साझा न करें और साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन या ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *