उन्नाव- जनपद में आने वाले प्रमुख त्योहारों—ईद उल फितर, अलविदा की नमाज, नवरात्रि और रामनवमी—को लेकर जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में अधिकारियों, धर्मगुरुओं और समाजसेवियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश भी मौजूद रहे।

बैठक में चंद्र दर्शन के अनुसार 21 मार्च को ईद उल फितर, 13 मार्च को अलविदा की नमाज, 19 मार्च से नवरात्रि प्रारंभ होकर 26 मार्च 2026 को रामनवमी का पर्व मनाया जाएगा। इन सभी त्योहारों को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी त्योहार पूरी सतर्कता के साथ संपन्न कराए जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। उन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए और जिला पंचायत राज अधिकारी व अधिशासी अधिकारियों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी।

उन्होंने कहा कि उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में निकलने वाले जुलूस और शोभायात्राओं को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं। साथ ही शोभायात्राओं में लगाए जाने वाले लाउडस्पीकरों के संबंध में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मीट की कोई भी दुकान खुले में न हो और मीट को ढककर रखा जाए। उन्होंने अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को मेले में लगने वाले झूलों का सत्यापन कराने और जर्जर झूलों को अनुमति न देने के निर्देश दिए।

इसके अलावा अधिशासी अभियंता विद्युत को त्योहारों के दौरान बिजली व्यवस्था सुचारु रखने तथा टूटे या जर्जर तारों को पहले ही बदलने के निर्देश दिए गए। वहीं जल निगम को पेयजल आपूर्ति सुचारु रखने और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के लिए कहा गया।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सड़कों और चौराहों पर घूम रहे अवांछित पशुओं को अभियान चलाकर पकड़कर संबंधित गौशालाओं में संरक्षित कराया जाए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश ने धर्मगुरुओं और समाजसेवियों को आश्वस्त किया कि त्योहारों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में किसी भी अपराधी को वर्चस्व नहीं जमाने दिया जाएगा और सभी लोग मिलकर शांति व भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं।

बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं और समाजसेवियों ने बिजली, पानी, साफ-सफाई और सुरक्षा से संबंधित समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं, जिस पर जिलाधिकारी ने समय रहते सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमिताभ यादव, सिटी मजिस्ट्रेट राजीव राज, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेंद्र, उपजिलाधिकारी सदर सहित अन्य संबंधित अधिकारी, धर्मगुरु और समाजसेवी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *