उन्नाव- जनपद में 14 व 15 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती 2025 की लिखित परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित पन्नालाल सभागार में स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण, पारदर्शी और शुचिता पूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। आवश्यक स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रश्नपत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं के रख-रखाव में विशेष सावधानी बरती जाए। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रूप से कार्य करें तथा निगरानी के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाए। उन्होंने बायोमेट्रिक प्रक्रिया को समय से शुरू कराने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य रूप से कराई जाए और आधार व फोटो केवाईसी का मिलान सही तरीके से किया जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा से पहले सभी केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें। साथ ही परीक्षा केंद्र के अंदर किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को भी मोबाइल फोन अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि बिना आईडी कार्ड के किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों के पास प्रवेश पत्र और आधार कार्ड/मान्य पहचान पत्र होना अनिवार्य होगा। सभी परीक्षार्थियों की सघन चेकिंग की जाए ताकि कोई भी अनुचित साधनों का उपयोग न कर सके। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला पुलिसकर्मियों द्वारा की जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेंद्र ने बताया कि जनपद में इस परीक्षा के लिए कुल आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी, जिसमें कुल 9600 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रत्येक पाली में 2400 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमिताभ यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे। Post navigation उन्नाव में त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने अधिकारियों के साथ की बैठक उन्नाव: सीओ सिटी ने कोतवाली सदर में की विवेचनाओं की समीक्षा