उन्नाव- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी किए जाने के अवसर पर शुक्रवार को जनपद मुख्यालय स्थित विकास भवन सभागार में पीएम किसान उत्सव दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों, जनप्रतिनिधियों तथा कृषि विभाग के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी उन्नाव गौरांग राठी की उपस्थिति में सदर विधायक के प्रतिनिधि प्रखर गुप्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक रवि चन्द्र प्रकाश, डॉ. राजीव कुमार (यूपी डास्प) तथा सहायक निबंधक सहकारिता रविंद्र कुमार सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के महत्व और उससे मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार द्वारा संचालित किसान कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और मिलेट्स उत्पादन में जनपद को अग्रणी बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न लाभार्थी किसानों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जिन प्रमुख किसानों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, उनमें राम सजीवन पुत्र सीताराम, अमरकांत पुत्र बाबूराम, मति जसोदा पत्नी रामऔतार, महावीर पुत्र जगन्नाथ तथा सुरेश पुत्र रामदयाल शामिल रहे। इसके अलावा अन्य किसानों को भी योजना का लाभ प्रदान किया गया। सोलर पंप योजना के लाभार्थियों में रमाशंकर पुत्र फतेलाल, सुन्दर पुत्र बसंत और गंगाप्रसाद पुत्र महोदय सहित कई किसानों को प्रोत्साहित किया गया। उप कृषि निदेशक रवि चंद्र प्रकाश ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत किसानों को सीधे उनके बैंक खातों में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे खेती-किसानी को मजबूती मिल रही है और किसानों की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ हो रही है। इस अवसर पर जनपद के सभी विकास खंडों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। विकास खंड हसनगंज में कार्यक्रम कृषि विज्ञान केंद्र धौरा में संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के अंत में किसानों ने सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। Post navigation उन्नाव: सीओ सिटी ने कोतवाली सदर में की विवेचनाओं की समीक्षा पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर डीएम ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण