उन्नाव- उप निरीक्षक नागरिक पुलिस/समकक्ष पदों पर भर्ती 2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी गौरांग राठी ने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। यह परीक्षा 14 व 15 मार्च 2026 को दो पालियों में आयोजित की जानी है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जी.एन.जी. इंटर कॉलेज तथा अटल बिहारी श्याम कुमारी सेठ डीएसएन कॉलेज पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम, अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, स्क्रीनिंग की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, प्रवेश द्वार, प्रकाश व्यवस्था, फर्नीचर, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने संबंधित विद्यालयों के केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखना प्राथमिकता है, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *