उन्नाव जनपद की तहसील बांगरमऊ में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी गौरंग राठी ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी ने आईसीडीएस विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल का दीप प्रज्ज्वलन कर की। इसके बाद उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन करते हुए सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली।

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के साथ निस्तारित किया जाए, चाहे शिकायत ऑनलाइन हो या ऑफलाइन—हर हाल में उसका सही श्रेणी में दर्ज कर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने असंतुष्ट फीडबैक वाले मामलों पर विशेष ध्यान देने, शिकायतकर्ताओं से स्वयं फीडबैक लेने और सारगर्भित टिप्पणी अपलोड करने के निर्देश भी दिए। साथ ही चकरोड पैमाइश एवं अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर उपजिलाधिकारी को मौके पर जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी शिकायत लंबित न रहे और निर्धारित समय के भीतर उसका निस्तारण किया जाए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 146 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 19 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम के समापन के बाद जिलाधिकारी ने स्वामित्व योजना के लाभार्थियों को घरौनी प्रमाण पत्र भी वितरित किए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी बांगरमऊ ब्रिज मोहन शुक्ला, उपजिलाधिकारी न्यायिक रामदेव निषाद, जिला विकास अधिकारी देव चतुर्वेदी, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह, तहसीलदार बांगरमऊ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *