देशभर में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने से आगामी दिनों में कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि देखने को मिल सकती है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है। वहीं बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाएं पूर्वी भारत होते हुए उत्तर भारत तक नमी पहुंचाएंगी। इसके साथ ही पंजाब और हरियाणा के ऊपर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे उत्तर प्रदेश, बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों तक निम्न दबाव की रेखा सक्रिय होगी।

इन मौसमी गतिविधियों के प्रभाव से 28 मई की शाम या रात से पहाड़ी क्षेत्रों सहित पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल तथा पूर्वोत्तर राज्यों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी चल सकती है, जबकि एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम 30 मई तक प्रभावी रह सकता है, जिससे 29 मई से तापमान में गिरावट दर्ज होने की उम्मीद है।

इसके अलावा महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कई जिलों में भी बारिश होने के आसार हैं। वहीं देश के पश्चिमी और पूर्वी तटीय इलाकों में भी तेज बारिश जारी रहने की संभावना जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *