भारी पुलिस बल के साथ बड़ा चौराहा से बड़ी ईदगाह तक निकाला फ्लैग मार्च

ईदगाह पहुंचकर नमाज की तैयारियों का लिया जायजा

आगामी ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से उन्नाव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में पुलिस महानिरीक्षक किरण एस. ने जनपद का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

भ्रमण के दौरान आईजी थाना कोतवाली सदर क्षेत्र के बड़ा चौराहा पहुंचे, जहां व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। व्यापारियों ने 19 और 20 मई को थाना बीघापुर, अचलगंज एवं कोतवाली सदर क्षेत्र में हुई घटनाओं के त्वरित खुलासे और पुलिस कार्रवाई की सराहना भी की।

इसके बाद आईजी ने जिलाधिकारी घनश्याम मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सुशील कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर दीपक यादव, क्षेत्राधिकारी पुरवा अरविन्द कुमार तथा क्षेत्राधिकारी यातायात अजय कुमार सिंह के साथ भारी पुलिस बल एवं दंगा नियंत्रण उपकरणों से लैस टीम के साथ बड़ा चौराहा से गांधी नगर तिराहा होते हुए बड़ी ईदगाह तक पैदल गश्त किया।

पैदल गश्त के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया और आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का माहौल बनाने का प्रयास किया गया। इसके बाद बड़ी ईदगाह पहुंचकर बकरीद की नमाज को लेकर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया गया।

आईजी ने ईदगाह कमेटी के सदस्यों, शहर काजी प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और त्योहार को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *