31 मई को दो पालियों में आयोजित होगी परीक्षा

परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के निर्देश

उन्नाव में आगामी उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा 2026 को लेकर जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने कलेक्ट्रेट सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, शुचिता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन कर लें ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न रहे।

डीएम ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र समय से पहुंचें, सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से संचालित रहें और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और किसी भी प्रकार की अनुचित सामग्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इसके लिए सुरक्षा कर्मियों और कक्ष निरीक्षकों को सघन जांच के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बैग जमा करने की व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही जरूरत पड़ने पर महिला पुलिस बल की भी तैनाती की जाए।

उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 31 मई 2026 को दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संपन्न होगी।

जनपद में परीक्षा के लिए चार केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें अटल बिहारी इंटर कॉलेज, जीजीआईसी सिविल लाइंस, डीएसएन पीजी कॉलेज ब्लॉक-ए एवं ब्लॉक-बी शामिल हैं। सभी केंद्रों पर कुल 1550 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सुशील कुमार गोंड, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह, उपजिलाधिकारी सदर क्षितिज द्विवेदी सहित संबंधित अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट और केंद्र प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *