उन्नाव- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह के निर्देशन में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं पारिवारिक सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से थाना कोतवाली सदर क्षेत्र की मगरवारा चौकी अंतर्गत ग्राम खटाई में “बहू-बेटी सम्मेलन” एवं चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परिवार परामर्श समिति के प्रभारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान अरविंद भारती तथा पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सम्मेलन में सास, बहू, ननद, भाभी, माताएं, बेटियां, छात्राएं एवं ग्राम सभा के सम्मानित नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। चौपाल के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों को पारिवारिक संबंधों में प्रेम, सम्मान, आपसी विश्वास एवं सामंजस्य बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि परिवार की बहू को बेटी के समान सम्मान और स्नेह मिलना चाहिए तथा बहू और बेटी के बीच किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि परिवार की खुशहाली और मजबूती आपसी सम्मान एवं सहयोग पर आधारित होती है। बहुओं को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सास को मां के समान सम्मान देने तथा परिवार के सभी सदस्यों के साथ मधुर संबंध बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने महिला सम्मान, पारिवारिक मूल्यों एवं सामाजिक समरसता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से परिवारों में संवाद बढ़ता है और सामाजिक सौहार्द मजबूत होता है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों ने महिला सम्मान एवं पारिवारिक एकता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। Post navigation प्राकृतिक खेती कार्यशाला एवं जनपद स्तरीय तिलहन मेले का शुभारंभ, किसानों को दी गई आधुनिक खेती की जानकारी नए गंगापुल निर्माण को मिली रफ्तार, बाधक मकानों का ध्वस्तीकरण शुरू