उन्नाव- कृषि विभाग उन्नाव द्वारा कृषि प्रसार प्रांगण में आयोजित प्राकृतिक खेती कार्यशाला एवं जनपद स्तरीय तिलहन मेले का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, सदर विधायक पंकज गुप्ता, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनिल कुशवाहा तथा सांसद प्रतिनिधि अमितेश सिंह ‘नंदू’ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्राकृतिक खेती समय की आवश्यकता है, जिससे उत्पादन लागत में कमी आएगी और किसानों को अधिक लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने किसानों से कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाकर आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती अपनाने का आह्वान किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने कहा कि प्राकृतिक खेती किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के साथ-साथ मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार किसानों के हित में अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं, जिनका लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचाना प्राथमिकता है।

सांसद प्रतिनिधि अमितेश सिंह ‘नंदू’ ने किसानों से आधुनिक तकनीकों को अपनाकर खेती को लाभकारी बनाने तथा कृषि विभाग की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने की अपील की। वहीं भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनिल कुशवाहा ने कृषि क्षेत्र में नवाचार और वैज्ञानिक तकनीकों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्राकृतिक खेती को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उप कृषि निदेशक रवि चंद्र प्रकाश ने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं, प्राकृतिक खेती, कृषि यंत्रीकरण, बीज वितरण एवं अनुदान कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग किसानों को नई तकनीकों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम में जिला कृषि रक्षा अधिकारी भीमसेन, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. हरिओम, जिला समन्वयक यूपी डास्प डॉ. राजीव कुमार, कृषि वैज्ञानिक इंजीनियर रमेश चंद्र मौर्य एवं कृषि वैज्ञानिक रचना सहाय ने प्राकृतिक खेती, फसल प्रबंधन तथा तिलहन उत्पादन की उन्नत तकनीकों की जानकारी देते हुए किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

इस अवसर पर इन-सीटू कस्टम हायरिंग योजना के अंतर्गत विकास खंड सिकंदरपुर सरोसी के ग्राम भतवां निवासी लाभार्थी दिनेश भारती को अतिथियों द्वारा ट्रैक्टर की चाबी प्रदान कर लाभान्वित किया गया। साथ ही विभिन्न विकास खंडों से आए किसानों ने कृषि यंत्रों, उन्नत बीजों एवं प्राकृतिक खेती से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल के हुगली जनपद स्थित तारकेश्वर में आयोजित कार्यक्रम से प्रधानमंत्री द्वारा पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी किए जाने का सजीव प्रसारण भी किसानों को दिखाया गया। इस दौरान देशभर के नौ करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,800 करोड़ रुपये की धनराशि डिजिटल माध्यम से हस्तांतरित की गई। जनपद मुख्यालय से 300 से अधिक किसानों ने इस कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से सहभागिता की।

अंत में जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने सभी किसानों एवं अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारी, वैज्ञानिक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *