उन्नाव- आगामी 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली नीट (NEET)-2026 परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के साथ जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डीएसएन इंटर कॉलेज, अटल बिहारी इंटर कॉलेज, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय उन्नाव तथा राजकीय महिला इंटर कॉलेज, मोती नगर पहुंचकर परीक्षा संबंधी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम, फर्नीचर, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों को परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। सभी परीक्षा कक्षों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे सक्रिय अवस्था में संचालित रहें तथा कंट्रोल रूम सुचारु रूप से कार्य करता रहे। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि परीक्षा निर्धारित समय पर प्रारंभ हो तथा सभी कक्ष निरीक्षक समय से अपने-अपने केंद्रों पर उपस्थित रहें।

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा के साथ निर्वहन करें।

निरीक्षण के दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *