उन्नाव/सफीपुर- तहसील सफीपुर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह एवं सफीपुर विधायक बंबा लाल दिवाकर की उपस्थिति में फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विद्युत, विकास, समाज कल्याण, पेयजल, कृषि सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को भूमि विवाद एवं अन्य संवेदनशील मामलों का संयुक्त निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रत्येक मामले का संतोषजनक समाधान किया जाए।

आईजीआरएस शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं में आईजीआरएस शीर्ष पर है। जो शिकायत जिस श्रेणी की है, उसका निस्तारण उसी श्रेणी में गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। उन्होंने उपजिलाधिकारी को सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों, पैमाइश एवं चकरोड से संबंधित मामलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को स्वयं आईजीआरएस की नियमित समीक्षा करने के लिए कहा, ताकि जनपद की रैंकिंग प्रभावित न हो।

समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से कुल 225 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 25 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष शिकायतों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से संबंधित स्टॉलों का निरीक्षण कर जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत तालाब आवंटन, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना तथा कुम्हारी कला योजना के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सफीपुर शिवेंद्र कुमार, न्यायिक उपजिलाधिकारी रामदेव निषाद, क्षेत्राधिकारी सफीपुर, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह, जिला विकास अधिकारी देव कुमार चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *