उन्नाव, 19 जून 2026- आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (NEET) परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी घनश्याम मीणा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने परीक्षा संबंधी तैयारियों की गहन समीक्षा करते हुए बताया कि जनपद में नीट परीक्षा चार परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इनमें डीएसएन डिग्री कॉलेज, अटल बिहारी इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) तथा केंद्रीय विद्यालय, दही चौकी शामिल हैं। परीक्षा में कुल 1,241 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसके लिए चार सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, रैंप, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह दुरुस्त रहनी चाहिए। साथ ही अतिरिक्त कमरों को सील करने की प्रक्रिया भी समय से पूर्ण कर ली जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रवेश द्वार, गलियारों, परीक्षा कक्षों एवं स्टाफ रूम में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना वैध पहचान पत्र अथवा प्रवेश अनुमति के किसी भी अतिरिक्त कर्मचारी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षार्थियों की जांच प्रक्रिया पूरी गंभीरता एवं सतर्कता के साथ कराई जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा कार्य में लगाए गए कर्मचारियों की किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि को क्षम्य नहीं माना जाएगा। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार गोंड, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमिताभ यादव, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं विभिन्न परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापक उपस्थित रहे। Post navigation मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने किया पैदल गश्त एवं जुलूस मार्ग का निरीक्षण6