उन्नाव- 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को पुलिस लाइन ग्राउंड परिसर में “Yoga for Healthy Aging” (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) विषय पर भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी, संस्कृति विभाग के अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा, जिलाधिकारी घनश्याम मीणा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, समाजसेवियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। अतिथियों ने भी योग की सभी प्रमुख क्रियाओं में सहभागिता करते हुए योग के महत्व का संदेश दिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने कहा कि योग स्वस्थ, संतुलित एवं तनावमुक्त जीवन का आधार है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक एवं भावनात्मक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी के अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन और भावी पीढ़ियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि साहित्य और संस्कृति की नगरी उन्नाव में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन अत्यंत भव्य रहा तथा बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यक्रम के दौरान कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय समारोह से प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने देखा और सुना। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में योग के महत्व एवं स्वस्थ जीवन में उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार गोंड, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी रामदेव निषाद, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह, जिला विकास अधिकारी देव कुमार चतुर्वेदी, जिला विद्यालय निरीक्षक, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. राजकुमार, आयुष विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, समाजसेवी तथा बड़ी संख्या में जनपदवासी उपस्थित रहे। Post navigation नवाबगंज टोल प्लाजा के पास दो डंपरों की टक्कर, चालक की मौत, दो घायल नीट-2026 परीक्षा के दौरान डीएम-एसएसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, नकलविहीन परीक्षा कराने के दिए निर्देश