उन्नाव- राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह के साथ जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डीएसएन इंटर कॉलेज, अटल बिहारी इंटर कॉलेज, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय उन्नाव तथा राजकीय महिला इंटर कॉलेज, मोती नगर पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, स्कैनिंग प्रक्रिया एवं अन्य सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी परीक्षा कक्षों में स्थापित सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रूप से संचालित रहें तथा कंट्रोल रूम की निगरानी व्यवस्था लगातार प्रभावी बनी रहे। साथ ही परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

निरीक्षण के दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *