उन्नाव। अचलगंज थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार मजदूर की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान 45 वर्षीय छेदी लाल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से अचलगंज थाना क्षेत्र के बंथर में देशराज के मकान में किराए पर रहता था और नरी के आगे स्थित मॉडल कंपनी में कार्यरत था।

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब दो बजे छेदी लाल कंपनी से लंच करने के लिए साइकिल से अपने कमरे की ओर जा रहा था। पहाड़पुर गहरा गांव के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही अचलगंज थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *