उन्नाव– 24 अगस्त 2026 बारावफ़ात त्यौहार को शान्तिपूर्वक, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाये जाने के दृष्टिगत्त विकास भवन स्थित सभागार में जिलाधिकारी श्री घनश्याम मीना की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्री जय प्रकाश सिंह की उपस्थिति में जिले के धार्मिक गुरूओं तथा जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न धर्म गुरूओं द्वारा जुलूस के दौरान होने वाली विभिन्न प्रकार की समस्याओं से डीएम को अवगत कराया गया, जिसको लेकर जिलाधिकारी ने सभी को आश्वस्त किया कि दिये गए सुझावों / समस्याओं का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्यवाही करायी जाएगी। इस मौके पर डीएम ने समस्त उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परम्पराएं, जो पूर्व से प्रचलित है, उन्ही के अनुसार त्यौहार को मनाया जाए। कोई नई परम्परा न रखी जाए। निकलने वाले जुलूसो के दौरान सुरक्षा व यातायात व्यवस्था के विशेष प्रबन्ध किए जाए। सभी आयोजनों में भीड़ का सही आंकलन कर लिया जाए और तद्नुसार नियंत्रण किया जाए ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। जुलूस के मार्गों पर अभियान चलाकर साफ-सफाई के पर्याप्त इंतजाम कर लिए जाएं तथा जुलूस के पूरे रास्तों को उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी गण संयुक्तरूप से भ्रमण कर लें जो भी कमियां हो उन्हें तत्काल पूर्ण कर लें। सभी रूटों पर जर्जर विद्युत लाइनों को व्यस्थित कर लिया जाए। उन्होने कहा कि जनपद में निकलने वाले जुलूसो मे डी0जे0 एवं झंडो की ऊँचाई का विशेष खयाल रखा जाए युवा वर्ग डी 0जे 0 के ऊपर न बैठे तथा कोई भी अश्लील गानों को न बजाया जाय। सभी जुलूस निर्धारित रूट पर ही निकाले जाएं, किसी भी नयी परम्परा की अनुमति नहीं दी जाएगी। जुलूस निकलने वाले रास्तो पर कोई भी अवारा पशु न दिखे, सभी अवारा पशुओं को गौशालाओं में भिजवाया जाए। जुलूस वाले रास्तो पर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन अलर्ट रहे तथा दिए गए दायित्वों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरते। उन्होंने कहा कि सभी लोग सोशल मीडिया का प्रयोग सोच समझ कर करें। किसी भी प्रकार की अफवाह को लेकर भ्रमित न हो तथा आपसी शांति एवं सौहार्द को बनाए रखें। उन्होंने कहा कि बारावफ़ात त्यौहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए तहसील स्तर एवं जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे जिससे पर्व के समय किसी भी प्रकार की समस्या का समाधान आसानी से किया जा सके। उन्होंने सभी जनपदवासियों से कहा कि सभी लोग संयम, मानवता, संवेदनशीलता, शालीनता, भाई-चारा, प्रेम व सौहार्द एवं परम्पराओं का पालन करते हुए बारावफ़ात पर्व को मनाये। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री जय प्रकाश सिंह ने कहा कि जुलूस मे युवा वर्ग अति उत्साह मे कोई ऐसा कार्य न करें जिससे किसी को नुकसान पहुचे। अपने-अपने क्षेत्रों से निकलने वाले जुलूसों के समय का आंकलन अवश्य कर लिया जाए। जुलूसों से सम्बन्धित छोटी-छोटी कमियों को गम्भीरता से लेते हुए ससयम निस्तारित कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि जुलूस में सम्मिलित होने वाले डीजे पर कोई भी अश्लील गानों को न चलाया जाए। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन आपके साथ है। जुलूस के साथ पुलिस प्रशासन एवं लगाए गए वॉलिंटियर्स समन्वय स्थापित करते हुए जुलूस को सकुशल संपन्न कराने मे मदद करेंगे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री कृति राज अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री अमिताभ यादव, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) अखिलेश सिंह, जिला विकास अधिकारी श्री देव कुमार चतुर्वेदी, सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह, समस्त उप जिलाधिकारी/क्षेत्राधिकारी गण सहित धर्म गुरु आदि मौजूद रहे। Post navigation 700 मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान, विधायक पंकज गुप्ता ने बढ़ाया उत्साह उन्नाव: बरावफात को लेकर शहर में निकला पैदल मार्च, सुरक्षा व्यवस्था परखी