उन्नाव। बुधवार सुबह बारिश के बीच मसवासी गांव में एक कच्चे मकान का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में मलबे के नीचे दबकर 65 वर्षीय हंसराम और उनके 8 साल के पोते आयु की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 9 बजे मकान की मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक मकान का एक हिस्सा ढह गया और दोनों मलबे में दब गए। तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। आयु अपने पिता भीम का इकलौता बेटा था। एक ही हादसे में पुत्र ने अपने पिता और अपने बेटे को खो दिया । घटना से परिवार में कोहराम मचा है और पूरे गांव में शोक की लहर है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रशासन के अनुसार, हादसे की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों के मुताबिक, क्षेत्र में मंगलवार रात से रुक-रुककर बारिश हो रही थी। हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा और सर्वे कराने की मांग की है। Post navigation शुक्लागंज: गंगा में डूब रहे पिता-पुत्रियों को बचाने वाले आयुष तिवारी सम्मानित उन्नाव: बारावफात पर्व को लेकर एसएसपी ने बांगरमऊ थाने का किया निरीक्षण