नारी को अपनी सुरक्षा एवं अधिकार के प्रति जागरुक कराता “मिशन शक्ति-6.0” मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 07 महिलाओं को किया गया सम्मानित महिला सशक्तीकरण, नारी सम्मान, आत्मनिर्भरता एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को शॉल एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर किया गया सम्मानित। उन्नाव। आज दिनांक 13.10.2026 को मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के अंतर्गत रिजर्व पुलिस लाइन, उन्नाव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 07 महिलाओं को शॉल एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शकुन सिंह, मा0 विधायक सदर श्री पंकज गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अनुराग अवस्थी, जिलाधिकारी उन्नाव श्री घनश्याम मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव श्री जय प्रकाश सिंह, पुलिस अधीक्षक उत्तरी श्री आयुष श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी श्री शैलेन्द्र लाल एवं क्षेत्राधिकारी नगर श्रीमती विनी सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सम्मान समारोह का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत उन महिलाओं के योगदान को पहचान एवं प्रोत्साहन प्रदान करना है, जो शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक सेवा, पशु सेवा, कौशल प्रशिक्षण तथा पुलिस सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य कर रही हैं। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन तथा सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समाज में प्रेरणादायी भूमिका निभाने वाली महिलाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है। सम्मानित महिलाओं का विवरण 1.श्रीमती शिल्पी श्रीवास्तव, सलाहकार, परिवार परामर्श केंद्र परिवार परामर्श केंद्र के कार्यों में सहयोग प्रदान करने तथा समाजसेवा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए सम्मानित किया गया। उनके प्रयास पारिवारिक समस्याओं के समाधान एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं। 2. डॉ. वत्सला परिहार चिकित्सा के क्षेत्र में गरीब एवं असहाय महिलाओं की सहायता करने तथा निःशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन कर जरूरतमंद लोगों को चिकित्सा संबंधी सहायता उपलब्ध कराने के लिए सम्मानित किया गया। 3. श्रीमती अल्पना पशु सेवा के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने के लिए सम्मानित किया गया। पशुओं की देखभाल एवं सेवा के प्रति उनका योगदान सामाजिक संवेदनशीलता और जीवों के प्रति करुणा का प्रेरणादायी उदाहरण है। 4. आशिया मिर्जा सौंदर्य के क्षेत्र में बालिकाओं को शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रदान करने तथा गरीब एवं असहाय युवतियों के विवाह में निःशुल्क दुल्हन का श्रृंगार कर सहयोग प्रदान करने के लिए सम्मानित किया गया। उनके प्रयास बालिकाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने एवं जरूरतमंद परिवारों की सहायता करने की दिशा में सराहनीय हैं। 5. श्रीमती सिम्मी, प्रधानाचार्य, एक्सेल नर्सिंग कॉलेज, अकरमपुर नर्सिंग के क्षेत्र में युवतियों को प्रशिक्षण प्रदान करने, वृक्षारोपण कार्यक्रमों में सहभागिता करने तथा सामाजिक कुरीतियों को दूर करने की दिशा में योगदान देने के लिए सम्मानित किया गया। उनके प्रयास युवतियों के कौशल विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देते हैं। 6. डॉ. किरण भारती, प्रधानाचार्य, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, उन्नाव बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा समाजसेवा के क्षेत्र में सहयोग प्रदान करने के लिए सम्मानित किया गया। शिक्षा के माध्यम से बालिकाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान है। 7. महिला आरक्षी आरती राजभर, थाना औरास पुलिस सेवा में अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए पुलिस खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक अर्जित करने के लिए सम्मानित किया गया। उनकी उपलब्धियां पुलिस बल में कार्यरत महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं तथा खेल के क्षेत्र में महिलाओं की प्रतिभा एवं क्षमता को प्रदर्शित करती हैं। महिला सशक्तीकरण एवं सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहन कार्यक्रम के दौरान सम्मानित महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए महिला सशक्तीकरण, बालिका शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, आत्मनिर्भरता तथा समाजसेवा के महत्व को रेखांकित किया गया। मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। गणमान्य अतिथियों को भी किया गया सम्मानित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी उन्नाव एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव द्वारा पुलिस परिवार की ओर से जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शकुन सिंह, मा0 विधायक सदर श्री पंकज गुप्ता एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अनुराग अवस्थी को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव द्वारा जिलाधिकारी उन्नाव श्री घनश्याम मीणा को भी पुलिस परिवार की ओर से स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के संचालन एवं समन्वयन मे प्रतिसार निरीक्षक श्री सचिन राय व महिला मुख्य आरक्षी दिव्या अवस्थी की महत्वपूर्ण भूमिका रही । Post navigation उन्नाव में कक्षा 9 की छात्रा तान्वी तिवारी बनीं एक दिन की जिलाधिकारी, सुनीं फरियादियों की शिकायतें उन्नाव: हसनगंज में तेज रफ्तार डग्गामार बस ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक गंभीर घायल