उन्नाव- आर्य समाज मन्दिर  में विशाल शिव शोभायात्रा समिति उन्नाव द्वारा महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर दिनांक 26.02.2025 दिन बुधवार प्रातः 11 बजे कमला मैदान उन्नाव से निकलने वाली विशाल शिव शोभा यात्रा के सम्बन्ध में प्रेसवार्ता आहूत की गयी। वार्ता को सम्बोधित करते हुए समिति के संयोजक चन्द्रप्रकाश गुप्ता ने अवगत कराया कि महापर्व पर नगर के समस्त मन्दिरों की सफाई व सुरक्षा व्यवस्था प्रशासन सुनिश्चित करें। यात्रा मार्ग पर सड़कों की मरम्मत व लटके हुए बिजली के तारों को ठीक किया जाएं। यात्रा का शुभारम्भ जिलाधिकारी गौरांग राठी व पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर और विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में श्रीरामस्वरूप ब्रह्मचारी के नेतृत्व में गणेश पूजन के उपरान्त आई.बी.पी. चैराहे पर झण्डी दिखाकर यात्रा प्रारम्भ की जायेगी।

यात्रा सह संयोजक विनोद शर्मा ने बताया कि आगामी शिव बारात में आस्था का जनसैलाब उमड़ेगा शिव बारात की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। प्रशासन से मांग किया कि दिनांक 25.02.2025 की सांय 8 बजे छोटा चौराहे से बड़ा चौराहे  का एक तरफ का मार्ग बन्द कर दिया जाएं जिससे यात्रा में आई हुई झांकियों की सजावट का कार्य हो सकें और पूरे नगर को कृत्रिम प्रकाश एवं झण्डियों से सजाया जायेगा। बड़े चैराहे पर श्री झण्डेश्वर महादेव जी का भव्य द्वार बनेगा।
विशाल शिव शोभा यात्रा के प्रभारी धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि 51 हजार भगवा ध्वजों से पूरे नगर को सजाया जायेगा और लगभग 5 सैंकड़ा झांकियां यात्रा में शामिल रहेंगी। उन्होंने बताया कि जनपद वासी +918318762411, 082991 65871,  +918707587174 नंबरों पर संपर्क करके अपने घर प्रतिष्ठान आदि पर लगवाने के लिए निःशुल्क भगवा ध्वज प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने भंडारा लगाने वालों से सिंगल यूज प्लास्टिक न प्रयोग करने एवं डस्टबिन रखने, साफ सफाई रखने का आहवान किया।
बैठक में सहसंयोजक अरूण प्रकाश सिंह ने कहा कि नगर पालिका यात्रा समापन के बाद सांय झण्डेश्वर मन्दिर बड़ा चैराहा सहित पूरे मार्ग की सफाई सुनिश्चित की जाएं व प्रातः 11 बजे से यात्रा समापन तक विद्युत आपूर्ति बन्द रखी जाएं। यात्रा के उपरान्त निर्बाध रूप से विद्युत पुनः चालू कर दी जाएं।
वार्ता में संरक्षक अवधेश सिंह, संजय शुक्ला, रामतनेजा, सरदार जसमीत सिंह  रेखा शुक्ला, सुरेश मिश्रा, नीरज शुक्ला आदि समिति के तमाम पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *