उन्नाव के थाना गंगाघाट पुलिस ने एटीएम मशीन तोड़कर कैश चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, 5 मार्च 2026 को भारतीय स्टेट बैंक के मैनेजर ने थाना गंगाघाट में तहरीर देकर बताया कि 3 मार्च 2026 को सुबह करीब 4 बजे अज्ञात चोर एटीएम बूथ में घुस गए। आरोपियों ने पहले सीसीटीवी कैमरे पर स्प्रे डालकर उसे निष्क्रिय कर दिया और इसके बाद एटीएम मशीन के कैश डिस्पेंसर बॉक्स को तोड़कर 49,500 रुपये चोरी कर लिए।

तहरीर के आधार पर थाना गंगाघाट में मुकदमा संख्या 109/2026 धारा 305(A)/331(4)/317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान 6 मार्च 2026 को उपनिरीक्षक सुभाष चन्द्र ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों—मेहुल (29 वर्ष) निवासी बालाजी वाली गली, शुक्लागंज थाना गंगाघाट जनपद उन्नाव और अरविन्द अवस्थी (38 वर्ष) निवासी ग्राम बलहापारा थाना घाटमपुर जनपद कानपुर नगर—को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त उपकरण और 10,200 रुपये नगद बरामद किए हैं। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *