उन्नाव- उत्तर प्रदेश सरकार के कार्यकाल के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर निराला प्रेक्षागृह में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में सरकार की उपलब्धियों और कल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक पंकज गुप्ता ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का फीता काटकर किया। उन्होंने प्रदर्शनी में लगाए गए चित्रों और विवरणों का अवलोकन कर सरकार के कार्यों की सराहना की। इसके बाद विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

निराला प्रेक्षागृह में मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस दौरान बेसिक शिक्षा विभाग के 524 निपुण विद्यालयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही आरटीई के तहत प्रवेश पाने वाले बच्चों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में लखनऊ में आयोजित मुख्य समारोह का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे बड़ी संख्या में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और लाभार्थियों ने देखा।

सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर यह आवश्यक है कि जनता को विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी दी जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से आमजन में जागरूकता बढ़ती है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरांग राठी ने राष्ट्रीय आजीविका मिशन के स्टालों का निरीक्षण किया और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की सराहना की। उन्होंने ‘अपराजिता’ समूह द्वारा बनाई गई लुंबा राखी और तोरण द्वार की खरीदारी भी की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जाए, जिससे समूह की आय में वृद्धि हो सके।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कृतिराज, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह, जिला विकास अधिकारी देव चतुर्वेदी, जिला पर्यटन अधिकारी संतोष कुमार, उपनिदेशक कृषि सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी एवं अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *