उन्नाव/बांगरमऊ: थाना बांगरमऊ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतर्जनपदीय शातिर चोर गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के सरगना समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹2.25 लाख की स्पोर्ट्स बाइक, ₹16,000 नकद व चोरी के उपकरण बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। दिनांक 19 मार्च 2026 को निरीक्षक राकेश कुमार व उनकी टीम ने ग्राम केशवापुर स्थित एक दुकान के पास से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में राज कश्यप उर्फ रजत (24 वर्ष), राजा कश्यप (27 वर्ष) और साहिल उर्फ मोहम्मद रहमान उर्फ राहुल उर्फ छोटू (25 वर्ष), सभी निवासी कांशीराम कॉलोनी, थाना कोतवाली सदर उन्नाव शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से यामाहा आर1-5 स्पोर्ट्स बाइक, चोरी के उपकरण (सरिया, टॉर्च, हथौड़ी, प्लास, पेचकस, छेनी, आरी ब्लेड, चाभियों का गुच्छा), एक अन्य मोटरसाइकिल, ₹16,000 नकद व ₹305 की रेजगारी बरामद की।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे स्पोर्ट्स बाइक का इस्तेमाल घूमने-फिरने और चोरी की वारदातों में करते थे। उन्होंने करीब 5 माह पूर्व आरएस चौराहे पर 7 दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया, साथ ही थाना मांखी क्षेत्र में भी चोरी की वारदात कबूल की।

पुलिस के अनुसार, यह गैंग उन्नाव के अलावा लखनऊ, कानपुर, जालौन, उरई और झांसी सहित अन्य जनपदों में भी चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। गैंग का सरगना राज कश्यप पूर्व में गैंगेस्टर एक्ट के तहत जेल भी जा चुका है।

पुलिस टीम में निरीक्षक राकेश कुमार, उपनिरीक्षक अंसार हुसैन रिजवी, उपनिरीक्षक सुरेंद्र यादव, कांस्टेबल हर्ष अहलावत और कांस्टेबल रामनिवास शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *