Oplus_16908288

उन्नाव पुलिस ने अपहरण की एक घटना का महज 8 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुठभेड़ के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और अपह्रत बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। यह कार्रवाई एसओजी, सर्विलांस और थाना बिहार पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

जानकारी के अनुसार, 4 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 2:31 बजे थाना बिहार पुलिस को सूचना मिली कि थाना पुरवा क्षेत्र के ग्राम बेवल निवासी 11 वर्षीय छात्र, जो शिव बालक सीताराम मेमोरियल पब्लिक स्कूल केदारखेड़ा का कक्षा 5 का छात्र है, स्कूल से घर लौटते समय लापता हो गया है। परिजनों ने गांव के ही शिवकुमार पुत्र चंद्रपाल (उम्र लगभग 45 वर्ष) पर अपहरण का आरोप लगाया।

इस संबंध में थाना बिहार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम बच्चे की तलाश में जुट गई। शाम करीब 8 बजे मुखबिर की सूचना पर पुरवा-असोहा मार्ग स्थित पड़वाखेड़ा पावर हाउस के पास चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार व्यक्ति के साथ बच्चे को देखा गया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर आरोपी ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन बाइक फिसलकर गिर गई।

इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायर किया। मुठभेड़ में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शिवकुमार पुत्र चंद्रपाल, निवासी ग्राम बेवल थाना बिहार जनपद उन्नाव के रूप में हुई है। आरोपी ने बच्चे के अपहरण की बात स्वीकार की है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अपह्रत बच्चा, एक अवैध तमंचा (.315 बोर), एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी पुरवा भेजा गया है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *